जन्मदिन पर अनशन पर बैठे चंद्रबाबू नायडू, आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य के दर्जे की मांग
- ByKamal Meshram --
- 2018-04-20
अमरावती
आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू अपने जन्मदिन पर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। राज्य की परेशानियों और केंद्र की नीतियों को लेकर की जा रही उनकी यह हड़ताल शाम तक रहेगी। गौरतलब है कि इस मुद्दे पर केंद्र के साथ तनातनी के बाद नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने नैशनल डेमोक्रैटिक अलायंस (एनडीए) से गठबंधन तोड़ केंद्र सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था।
इससे पहले सोमवार को नायडू ने राज्य कैबिनेट की एक बैठक में हड़ताल करने की योजना बनाई थी। नायडू के अलावा 13 मंत्री राज्य के अलग-अलग जिलों में हड़ताल पर रहेंगे जबकि बाकी मंत्री नायडू के साथ ही भूख हड़ताल करेंगे। नायडू ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि टीडीपी कभी ‘किंग मेकर’ बनकर उभरी थी और यह निर्णय लेती थी कि केंद्र में किसकी सरकार बनेगी और कौन प्रधानमंत्री होगा।
वाईएसआरसीपी ने बताया 'धोखा'
उधर नायडू की हड़ताल को राज्य की विपक्षी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस ने जनता के साथ धोखा बताया था। विपक्ष के नेता जगन मोहन रेड्डी ने सवाल उठाया था कि जब उनकी पार्टी के सांसदों ने इस्तीफा देकर भूख हड़ताल की थी, तब नायडू ने टीडीपी सांसदों से साथ देने के लिए क्यों नहीं कहा। उन्होंने कहा था कि अगर तब ऐसा हुआ होता तो यह राष्ट्रीय मुद्दा बनता और केंद्र आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा दे देता।
Comment